विजय प्रजापति की रिपोर्ट
चौबेपुर। मार्कण्डेय महादेव मंदिर मार्ग पर महाशिवरात्रि के अवसर पर अवैध पार्किंग कर जबरन वसूली किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मंदिर से लगभग दो किलोमीटर पूर्व कुछ स्थानीय लोगों द्वारा बिना रसीद दिए दर्शनार्थियों से पार्किंग शुल्क लिया जा रहा था। रविवार सुबह दर्शन के लिए पहुंचे चोलापुर थाना क्षेत्र के पलहीपट्टी निवासी छात्र साजन कुमार ने जब पार्किंग शुल्क की रसीद मांगी और वसूली का विरोध किया, तो कथित तौर पर मौजूद युवकों ने उनकी मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त कर दी। पीड़ित ने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी और मामले की शिकायत स्थानीय पुलिस से की। घटना को लेकर विवाद तब और बढ़ गया जब अवैध पार्किंग संचालित कर रहे युवकों ने कथित रूप से इसे चौकी प्रभारी कैथी के आदेश पर चलने की बात कही। हालांकि चौबेपुर पुलिस ने ऐसे किसी आदेश से अनभिज्ञता जताई है।
पीड़ित ने स्थानीय थाने में लिखित शिकायत देकर आरोपित युवकों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है। थानाध्यक्ष ने मामले की जांच कराने की बात कही है। वहीं, मेले में आने वाले श्रद्धालुओं के बीच इस घटना को लेकर चर्चा बनी रही।