वाराणसी वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट–मंडलायुक्त वाराणसी मंडल के ऑडिटोरियम में बुधवार को उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के संबंधित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के सूक्ष्म,लघु व मध्यम राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा के साथ साथ पिण्डरा विधायक डॉक्टर अवधेश सिंह, जिला पंचायत प्रशासक पूनम मौर्या, विधान परिषद सदस्य धर्मेंद्र कुमार राय एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम का मुख्य आयोजन मुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में लोक भवन प्रेक्षागृह लखनऊ में किया गया, जिसका लाइव प्रसारण वाराणसी के आयुक्त सभागार में उपस्थित अधिकारियों जन प्रतिनिधियों एवं आउटसोर्स कर्मियों के समक्ष कराया गया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश आउटसोर्स सेवा निगम के लोगों का अनावरण, वेबसाइट एवं पोर्टल का शुभारम्भ किया गया, साथ ही आउटसोर्स कर्मियों के हित में बढ़े हुए पारिश्रमिक, इपीएफ, ईएसआईसी बीमा, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, सेवा, संरक्षण, प्रशिक्षण एवं बेहतर रोजगार के अवसरों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलों की घोषणा की गई। लाइव प्रसारण में मुख्यमंत्री ने अपने उद्बोधन में कहा कि सरकार की इस पहल का उद्देश्य आउटसोर्स कर्मियों को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी एवं सम्मानजनक कार्य का वातावरण उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अब बिचौलियों के माध्यम से किसी भी आउटसोर्स कर्मी का शोषण नहीं होने दिया जाएगा तथा उन्हें पूरा मानदेय एवं नियमानुसार अन्य लाभ सुनिश्चित किए जाएंगे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जन प्रतिनिधियों ने सरकार की इस महत्वपूर्ण पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि आउटसोर्स कर्मियों के हितों की सुरक्षा, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया तथा सामाजिक सुरक्षा से जुड़े प्रावधानों को मजबूत किए जाने से लाखों कर्मियों को लाभ मिलेगा। जनप्रतिनिधियों ने सरकार की जनकल्याणकारी प्राथमिकताओं को भी रेखांकित किया। इस कार्यक्रम में दुर्गेश मिश्रा अपर नगर आयुक्त, पवन कुमार सिंह उपायुक्त स्वत:रोजगार, रोजगार मेला प्रभारी दीप सिंह, जिला लेबर कमिश्नर,सहायक लेबर कमिश्नर, उपनिदेशक सूचना सुरेन्द्र पाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सैकड़ो आउटसोर्स कर्मी उपस्थित रहे। इसके अतिरिक्त नगर निगम वाराणसी एवं वाराणसी विकास प्राधिकरण के कर्मियों की भी सहभागिता रही। इस अवसर पर लाभार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए पांच नगर निगम कर्मियों को किट,तीन लाभार्थियों को डेमो चेक तथा चार लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं आउटसोर्स कर्मियों ने सरकार के इस पहल को आउटसोर्स कर्मियों के लिए सामाजिक सुरक्षा, पारदर्शिता, सम्मानजनक पारिश्रमिक एवं बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।