वाराणसी वशिष्ठ कुमार की रिपोर्ट पुलिस ने दो स्नैचर दबोचे* वाराणसी, 6 अगस्त। काशी जोन की थाना कोतवाली पुलिस ने चेन स्नैचिंग की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन का एक टुकड़ा, 2200 रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त होंडा एसपी मोटरसाइकिल तथा एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 1 अगस्त 2026 को दर्ज चेन लूट के मुकदमे की जांच सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर की गई। इसी क्रम में 6 अगस्त को मछोदरी पार्क क्षेत्र से बिहार के कटिहार निवासी संतोष कुमार और रोशन कुमार को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने करीब छह–सात दिन पहले कबीरचौरा अस्पताल के पास एक बुजुर्ग महिला के साथ मारपीट कर उसकी सोने की चेन छीनी थी। छीना-झपटी के दौरान चेन का केवल एक हिस्सा उनके हाथ लगा था। बाद में उन्होंने चेन का एक टुकड़ा राह चलते एक अज्ञात व्यक्ति को 3,000 रुपये में बेच दिया और रकम आपस में बांट ली। बरामद 2200 रुपये उसी बिक्री की बची हुई राशि बताए गए हैं।पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस सफलता में थाना कोतवाली पुलिस टीम और सर्विलांस सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।