दिव्य प्रकाश गुप्ता की रिपोर्ट वाराणसी। चौबेपुर पुलिस ने किशोरी का अपहरण कर जबरन विवाह कराने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सभी के खिलाफ चौबेपुर थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 0363/2026 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 137(2), 87 व 143(4) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत डीसीपी वरुणा जोन के निर्देशन, एडीसीपी वरुणा के पर्यवेक्षण तथा एसीपी सारनाथ के नेतृत्व में चौबेपुर पुलिस टीम ने शनिवार को ग्राम गोपालपुर कमौली से शिवचरण, राहुल भारद्वाज और मेना देवी को गिरफ्तार किया। इसके बाद बुलंदशहर निवासी मोहित और मथुरा निवासी मेन सिंह को भी गिरफ्तार कर लिया गया। सभी आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 5 जुलाई को वादी ने अपनी 17 वर्षीय भतीजी के अपहरण कर जबरन विवाह कराने का आरोप लगाते हुए चौबेपुर थाने में तहरीर दी थी। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने पांचों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक महेश मिश्रा समेत चौबेपुर थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे।