गुफरान अहमद की रिपोर्ट
मिर्जापुर, 18 फरवरी। विकास भवन पथरहिया सभागार में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन हुआ। उप कृषि निदेशक विकेश पटेल ने पिछली बैठक की कार्यवृत्ति प्रस्तुत की। भारतीय किसान यूनियन के प्रतिनिधियों ने 15 सूत्रीय ज्ञापन सौंपते हुए धान खरीद 28 फरवरी तक प्राथमिकता से सुनिश्चित कराने, अनियमितताओं की जांच और लंबित भुगतान शीघ्र कराने की मांग की।
चुनार क्षेत्र में रेलवे अधिग्रहण के मुआवजा व पुनर्वास भुगतान, गंगा कटान रोकने, टापू क्षेत्र तक नाव/पीपा पुल की व्यवस्था तथा बाढ़ से क्षतिग्रस्त सड़कों के पुनर्निर्माण पर भी जोर दिया गया। कटान से प्रभावित किसानों का कृषि ऋण माफ करने और जरगो बांध व नहरों की मरम्मत की मांग उठी।
अहरौरा सीएचसी में एक्स-रे टेक्नीशियन व महिला चिकित्सक की नियुक्ति, पोस्टमार्टम हाउस चालू कराने तथा तापीय परियोजना के स्थान पर सोलर प्लांट स्थापित करने की भी मांग की गई। बैठक में भाकियू के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।