वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट
वाराणसी — कृषि विभाग की ओर से चौबेपुर क्षेत्र के भन्दहा कलावं स्थित साधन सहकारी समिति पर सोमवार को किसान पाठशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह और उपनिदेशक कृषि अमित जायसवाल उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपनिदेशक अमित जायसवाल ने कहा की अंधाधुंध रासायनिक उर्बरकों का प्रयोग अब खतरनाक मोड़ पर है। समय रहते यदि हम सावधान नहीं हुये तो हरित क्रांति से उपजी खुशहाली का रंग फीका पड़ जाएगा और फिर पछताने के सिवा कुछ हाथ नहीं आएगा। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों की संतुलित प्रयोग से ही दूसरी हरित क्रांति संभव हो सकेगी। उन्होंने धरती मां की सुरक्षा के लिए गो आधारित प्राकृतिक खेती अपनाने की सलाह दी। जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने किसानों से उचित दर पर उर्वरकों को खरीदने की सलाह देते हुए कहा कि खाद की बोरी पर अंकित मूल्य से अधिक दर पर किसान उर्वरक ना खरीदें। यदि कोई व्यापारी निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री कर रहा हो तो हमे सूचना दें। ऐसे दुकानदारों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने किसानों से जागरूकता के साथ कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ उठाने की सलाह दी। मास्टर ट्रेनर देवमणि त्रिपाठी ने किसानों को प्राकृतिक खेती, फार्मर रजिस्ट्री, पीएम प्रणाम योजना, कृषि उत्पादन में एफपीओ की भूमिका पर विस्तार पूर्वक जानकारी प्रदान की। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए भाजपा के मंडल अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपना कर विषमुक्त खाद्यान्न उत्पादन करने की अपील की। इस दौरान समिति के सचिव चंद्र प्रकाश, महेंद्र यादव, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि कैलाश यादव, चंद्रदेव यादव, प्रीतम सिंह, परमानंद सिंह समेत भारी संख्या में किसान लोग उपस्थित रहे।