गुफरान अहमद की रिपोर्ट
मिर्जापुर में चील्ह थाना क्षेत्र के श्रीपट्टी गांव में सोमवार को नवदंपत्ति का शव घर के अंदर पंखे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल ग। दोनों का शव एक ही साड़ी से बनाए गए फंदे के सहारे झूलता मिला। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मौके पर पुलिस के उच्चाधिकारी पहुंच गए। शवों को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
श्रीपट्टी निवासी रोहित विश्वकर्मा (27) पुत्र उमाशंकर विश्वकर्मा तथा उनकी पत्नी सरस्वती विश्वकर्मा (23) का शव उनके घर में सोमवार की सुबह फांसी के फंदे से लटका मिला। रोहित का विवाह 19 जनवरी 2025 को कछवा थाना क्षेत्र निवासी राजकुमार विश्वकर्मा की पुत्री सरस्वती के साथ हुआ था। विवाह को लगभग एक वर्ष पूरा हुआ था। परिजनों और ग्रामीणों की सूचना पर थाना चील्ह पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस के उच्चाधिकारी और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए तथा दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। दंपत्ति द्वारा ऐसा कदम उठाए जाने के पीछे के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है। परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। सूचना पर तत्काल पुलिस बल और फोरेंसिक टीम को भेजा गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।