वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता
वाराणसी — संस्कृत विश्वविद्यालय वाराणसी के प्रांगण में शुक्रवार को दीनदयाल अंत्योदय योजना राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तत्वावधान में सरस मेले का शुभारंभ किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या व विशिष्ट अतिथि के रूप में जिलाधिकारी वाराणसी सत्येंद्र कुमार उपस्थित रहे। जिला पंचायत अध्यक्ष व डीएम द्वारा दीप प्रज्वलन कर मेले का शुभारम्भ कराया गया। शुभारम्भ के अवसर पर विख्यात शंख वादक राम जनम योगी द्वारा शंखनाद कर कार्यक्रम में चार चांद लगाया गया। इस कार्यक्रम में विभिन्न प्रदेशों तेलंगाना, हरियाणा, पश्चिम बंगाल, उड़ीसा, बिहार, गुजरात, महाराष्ट्र से आने वाले सौ से अधिक महिला समूहों ने स्टाल लगाए गए थे। जिसमें सिल्क साड़ी,जूट बैग, कालीन,अचार, मुरब्बा, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, खाद्य पदार्थ आदि के स्टाल शामिल रहे। जनपद वाराणसी में यह सरस मेला पांचवीं बार आयोजित किया जा रहा है। भारत सरकार एवं राज्य सरकार के सहयोग से रीजनल सरस मेले का आयोजन राजधानी लखनऊ एवं सांस्कृतिक राजधानी वाराणसी में आयोजित किया जाता है। समय-समय पर मंडल स्तरीय एवं जनपद स्तरीय मेले का आयोजन कर महिला समूह के उत्पादों को बाजार से जोड़ने हेतु कार्य किया जाता है। उपायुक्त स्वत: रोजगार वाराणसी पवन कुमार सिंह द्वारा मेले की रूपरेखा एवं आयोजन के उद्देश्य को विस्तार से बताया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि विभिन्न प्रदेशों में करोड़ों परिवार समूह से जुड़े हुए हैं। उत्तर प्रदेश राज्य में ही एक करोड़ से अधिक परिवार विभिन्न सहायता समूह से जुड़े हुए हैं एवं विभिन्न प्रकार के आजीविका पारक गतिविधियों में संलिप्त हैं। स्वयं सहायता समूह के माध्यम से महिलाओं को एक नई पहचान मिली है। महिलाएं भी अपने परिवार की आय बढ़ाने में परिवार के पुरूष सदस्यों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर अपना योगदान दे रही है। भाजपा महानगर अध्यक्ष ने मातृशक्ति का आवाहन करते हुए महिलाओं को समाज की मुख्य धारा से जुड़ने हेतु प्रेरित किया। जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्या ने महिलाओं के आजीविका परक कार्यों पर की सराहना की एवं उन्हें प्रेरित कर प्रधानमंत्री जी के महात्वाकांक्षी योजना लखपति दीदी कार्यक्रम से जुड़ने का आवाहन किया। वाराणसी की महिलाओं को अन्य प्रदेश से आई महिलाओं के उत्पादों एवं समूहो से समन्वय कर अनुभव एवं बाजार के बारे में जानकारी साझा करने हेतु सुझाव दिया। इस कार्यक्रम का संचालन सुजीत चौबे ने तथा धन्यवाद ज्ञापित प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी प्रोजेक्ट निदेशक संजय नायक द्वारा किया गया। पूर्व में आयोजित मेले में समूह के उत्पादों की मांग खूब रही, जिससे इस बार भी मेले में आए समूहों को अच्छी आमदनी होने का अनुमान है। इस कार्यक्रम में प्रथम दिवस सांस्कृतिक कार्यक्रम पंडित दुर्गा प्रसाद की टीम के द्वारा प्रस्तुत किया गया। इस कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा समूह के सदस्यों से वार्ता की गई। इस अवसर पर विभिन्न समूह से आई सैकड़ो महिलाएं एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।