संजना वर्मा की रिपोर्ट
वाराणसी: लहरतारा-मंडुआडीह रोड स्थित डिवाइन सैनिक स्कूल के दो दिवसीय वार्षिकोत्सव ‘जागृति-2026’ का समापन रविवार को रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हर्षोल्लास के साथ हुआ। कार्यक्रम के दूसरे दिन का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालू’ (राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार, आयुष एवं खाद्य सुरक्षा) और ले. कर्नल किन अशोक प्रभु (ट्रेनिंग कंपनी कमांडर, 39 जीटीसी) ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में काशी विद्यापीठ के डीन प्रो. सुधीर कुमार शुक्ला उपस्थित रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत कला और प्रतिभा की मुक्त कंठ से सराहना की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
दूसरे दिन के कार्यक्रमों में विद्यार्थियों ने अपनी कला का लोहा मनवाया। मुख्य आकर्षणों में:
‘रुद्रावासा: द सिटी ऑफ लाइट’ और ‘इकोज ऑफ करेज’ जैसी प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
‘रेट्रो टू मेट्रो’ के जरिए युगों के बदलाव को दर्शाया गया।
‘द लाफिंग मिरर’ नाटक ने दर्शकों को ठहाके लगाने पर मजबूर कर दिया।
‘द एक्सटैटिक डांस ऑफ डिवाइन शक्ति’ ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया।
शिक्षा के साथ कौशल विकास पर जोर
संस्था के चेयरमैन श्री एस. एन. सिंह ने अभिभावकों और बच्चों को संबोधित करते हुए कहा, “आज का युग केवल प्रतिस्पर्धा का नहीं, बल्कि कौशल और आत्मविश्वास का है। हमारा उद्देश्य बच्चों को केवल किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उन्हें अनुशासन के साथ हर बाधा पार करने के योग्य बनाना है।”
प्रधानाचार्या डॉ. नविता श्रीवास्तव ने वार्षिक प्रगति रिपोर्ट पेश की। उपप्रधानाचार्या डॉ. भावना दुबे एवं साधना दुबे ने मेधावी छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर निदेशक विकाश सिंह, तेज प्रताप सिंह, निदेशिका गरिमा सिंह, प्रियांशु सिंह सहित समस्त शिक्षक एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन सपना यादव एवं सचिन शर्मा ने किया।