कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्ट वाराणसी
वाराणसी — एग्रीस्टेक (डिजिटल एग्रीकल्चर) योजना के अंतर्गत कृषकों की फार्मर रजिस्ट्री बनाए जाने हेतु जिलाधिकारी वाराणसी सत्येंद्र कुमार ने सोमवार को सदर तहसील परिसर से प्रचार वाहन को हरी झण्डी दिखाकर रवाना किया। यह प्रचार वाहन दिनांक 05.01.2026 से 20.01.2026 तक प्रतिदिन हर विकासखण्डो के हर किसानों को फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाना क्यों जरूरी है,इसके बारे में विस्तार से जानकारी देंगे।यह प्रचार वाहन सदर तहसील से चलकर आठो ब्लाकों के विकासखण्डों के किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाए जाने तथा उसके लाभ की जानकारी देने हेतु भ्रमण करेगा। जिन किसान भाइयों ने अभी तक अपनी फार्मर आईडी नहीं बनवाई है, तो यह उनके लिए महत्वपूर्ण हो सकता है। फार्मर आईडी नहीं होने से किसानों को कई सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ नहीं मिल पाएगा। फॉर्मर आईडी नहीं होने से पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत मिलने वाली किस्त प्राप्त नहीं हो सकेगी। फसल खराब होने पर किसानों को मुआवजा नहीं मिलेगा। फसलों की आसान बिक्री नहीं हो पाएगी। सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ नहीं मिल पाएगा जैसे कि किसान क्रेडिट कार्ड, मिट्टी और फसल परामर्श सेवाएं नहीं मिल पाएंगी।भविष्य की जन कल्याणकारी योजनाओं आदि का लाभ नहीं मिल पायेगा। जनपद वाराणसी में 2,37,931 किसानो की फार्मर रजिस्ट्री की जानी है। जिसके सापेक्ष अब तक 1,61,713 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री आईडी बनाई जा चुकी है। शेष 76,218 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाना बाकी है। प्रचार वाहन किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के संबंध में जानकारी देते हुए जनपद के समस्त राजस्व ग्रामों में प्रचार प्रचार करते हुए कृषकों को जागरूक करेंगे। हरी झण्डी दिखाते समय जिलाधिकारी के साथ उपनिदेशक कृषि अमित कुमार जायसवाल, जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह आदि समेत कई कृषि अधिकारी व कर्मचारी गण उपस्थित रहे।