राजेश दुबे की रिपोर्ट
वाराणसी के थाना रोहनिया क्षेत्र अंतर्गत डीपीएस स्कूल के सामने शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार एक तेज रफ्तार ट्रक का अचानक टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और ट्रक अनियंत्रित हो गया।
अनियंत्रित ट्रक ने अपना लेन छोड़ते हुए किनारे के लेनमें सड़क किनारे बने डिवाइडर को तोड़ दिया और दूसरी दिशा में जाकर कई वाहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण टक्कर के कारण मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया।
इस दुर्घटना में लगभग 7 वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जिनमें एक फॉर्च्यूनर, एक ऑडी और एक बलेनो प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अलावा चार अन्य वाहन भी आगे और पीछे से गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं।
हादसे के समय फॉर्च्यूनर और बलेनो के चालक वाहन के अंदर ही मौजूद थे, जिससे वे घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया। दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों और घायलों ने बताया कि यदि यह घटना लगभग 10 मिनट बाद होती, तो स्कूल की छुट्टी के समय बड़ी संख्या में बच्चे और अभिभावक सड़क पर मौजूद होते, जिससे एक बड़ी जनहानि हो सकती थी।
घटना की सूचना मिलते ही थाना रोहनिया पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। वहीं, अखरी चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र राजपूत भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उनके नेतृत्व में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सुचारू कराया गया।
स्कूल प्रबंधन पर उठे सवाल, चेतावनी जारी
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में डीपीएस स्कूल प्रबंधन को लेकर नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे अव्यवस्थित तरीके से खड़ी गाड़ियों के कारण इस तरह की घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।
हालांकि, इस संबंध में डीपीएस स्कूल प्रबंधन अपनी जिम्मेदारी मानने को तैयार नहीं दिख रहा है। वहीं, एक अधिकारी ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि इस घटना में काफी हद तक लापरवाही स्कूल प्रबंधन की भी मानी जा सकती है। उनका कहना था कि यदि स्कूल प्रबंधन चाहे तो वाहनों के लिए समुचित पार्किंग की व्यवस्था कर सकता है, जिससे सड़क पर अव्यवस्था और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो सकती है।
इसी क्रम में अखरी चौकी इंचार्ज धर्मेंद्र राजपूत ने भी स्कूल प्रबंधन को सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही पाई गई तो स्कूल प्रबंधन के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और ट्रक चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।