सलीम मंसूरी की रिपोर्टजमानियां। दिलदारनगर क्षेत्र के टोंगा गांव की राजभर बस्ती में शॉर्ट सर्किट से लगी आग में चार परिवारों की गृहस्थी जलकर राख हो गई। हादसे में दो मवेशी भी गंभीर रूप से झुलस गए। आग की लपटें उठते ही बस्ती में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बताया जाता है। कि आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। घरों में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर, घरेलू सामान सहित अन्य जरूरी सामग्री जलकर नष्ट हो गई। ग्रामीणों ने आग को आसपास के घरों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया। जिससे बड़ा हादसा टल गया। हालांकि तब तक चारों परिवारों की गृहस्थी का अधिकांश सामान राख हो चुका था। घटना की जानकारी मिलने पर बसपा जिला उपाध्यक्ष परवेज खान घटनास्थल पर पहुंचकर पीड़ितों से मिले और घटना की जानकारी लेते हुए। विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि बस्ती के घरों के ऊपर से हाईटेंशन तार गुजर रहे हैं। जिससे लगातार खतरा बना हुआ है। उन्होंने चेतावनी दी कि समय रहते तारों को हटाने या सुरक्षित करने की व्यवस्था नहीं की गई तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने शासन-प्रशासन से विद्युत विभाग के खिलाफ कार्रवाई तथा पीड़ित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता देने की मांग की। सूचना पर पहुंचे हल्का लेखपाल सुनील भारती ने आग से हुए नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार कर संबंधित विभाग को भेजी। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवारों को शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।