रामतीरथ मोदनवाल की रिपोर्ट*
कछवा। डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में कछवां क्षेत्र के मझवां गांव स्थित प्रेम के पूरा हरिजन बस्ती में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व पूर्व ग्राम प्रधान राजू सिंह ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों की सहभागिता देखने को मिली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में लोक जनशक्ति पार्टी के उत्तर-पूर्वी प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट राजीव पासवान तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व ब्लॉक प्रमुख अखिलेश सिंह उर्फ लाखन सिंह उपस्थित रहे। अतिथियों ने सर्वप्रथम गांव में स्थापित बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद मंच पर उपस्थित सभी अतिथियों का राजू सिंह एवं अन्य सहयोगियों द्वारा माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
मुख्य अतिथि राजीव पासवान ने अपने संबोधन में बाबा साहब के जीवन, संघर्ष और समाज के प्रति उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने सामाजिक समानता, शिक्षा और अधिकारों के लिए जो संघर्ष किया, वह आज भी प्रेरणास्रोत है।
कार्यक्रम के आयोजक राजू सिंह ने बताया कि गांव के सभी वर्गों के लोगों ने मिलकर इस आयोजन को सफल बनाया है। उन्होंने बाबा साहब के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया और कहा कि समाज उनके प्रति सदैव आभारी रहेगा।
इस अवसर पर राजेंद्र, वीरेंद्र, विनोद, फिरोज, किशन, जितेंद्र, प्रिंस सहित सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण महिलाएं, पुरुष एवं बच्चे उपस्थित रहे और कार्यक्रम को सफल बनाया।