नगर निगम का स्वच्छता अभियान तेज, 110 येलो स्पॉट पर कार्रवाई और सौंदर्यीकरण

वाराणसी काशी दीप विजन ब्यूरो नवीन प्रकाश। नगर निगम वाराणसी द्वारा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने की दिशा में चलाया जा रहा विशेष स्वच्छता अभियान अब और तेज हो गया है। 12 दिसंबर से 16 दिसंबर तक संचालित इस अभियान के तहत शहर के भीतरी इलाकों एवं व्यस्त स्थानों पर खुले में पेशाब किए जाने वाले चिन्हित स्थानों, जिन्हें “येलो स्पॉट” कहा जाता है, को समाप्त करने की कार्रवाई की जा रही है।नगर निगम के अनुसार अब तक कुल 110 येलो स्पॉट चिन्हित किए जा चुके हैं। निगम के सफाई दल एवं संबंधित अधिकारी इन सभी स्थानों पर नियमित रूप से कार्रवाई कर रहे हैं। इसके साथ ही इन चिन्हित स्थलों पर सौंदर्यीकरण कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया है, जिससे न केवल इन स्थानों की दृश्यता बेहतर हो सके बल्कि भविष्य में दोबारा गंदगी फैलने की संभावना भी कम हो।अभियान के तहत सफाई कर्मचारियों और स्वच्छता अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी खुले में पेशाब न करने के लिए जागरूक किया जा रहा है। जागरूकता अभियान के लिए नगर निगम द्वारा आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) की कुल तीन संस्थाओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है।नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाने के साथ-साथ चेतावनी की कार्रवाई भी की जा रही है। निगम का उद्देश्य काशी की ऐतिहासिक और धार्मिक गरिमा को बनाए रखते हुए शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाना है।नगर निगम वाराणसी ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें और खुले में पेशाब अथवा गंदगी फैलाने से बचें, ताकि स्वच्छ और सभ्य शहर का निर्माण संभव हो सके।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x