वाराणसी। काशी दीप विजन ब्यूरो नवीन प्रकाश।नगर निगम वाराणसी शहर में सार्वजनिक परिवहन को आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ा रहा है। इसी क्रम में नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने कैंट स्थित परेड कोठी क्षेत्र में नगर निगम की भूमि का निरीक्षण किया, जो कूड़ा गाड़ी स्टैंड के पास स्थित है।इस स्थान पर सिटी बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जाने का प्रस्ताव तैयार हो रहा है। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने मौके की स्थिति का विस्तृत अवलोकन किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने रोडवेज विभाग के ए.आर.एम. को यह भी आदेशित किया कि सिटी बस चार्जिंग स्टेशन के लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर नगर निगम को जल्द से जल्द सौंपा जाए ताकि आगे की कार्यवाही प्रारंभ की जा सके।नगर निगम वाराणसी का मानना है कि इलेक्ट्रिक सिटी बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन विकसित होने से शहर में स्वच्छ, सुविधाजनक और टिकाऊ सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा। यह कदम प्रदूषण नियंत्रण के साथ-साथ स्मार्ट सिटी के लक्ष्यों की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगा।