कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्ट वाराणसी। चितईपुर थाना पुलिस ने नाबालिग को बहला-फुसलाकर घर से भगाने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 15 वर्षीय अपहृता/पीड़िता को सकुशल बरामद किया। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
पुलिस के मुताबिक 6 अगस्त 2026 को पीड़िता के पिता ने चितईपुर थाने में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उनकी करीब 15 वर्षीय पुत्री 5 अगस्त को दोपहर करीब 11 बजे बिना बताए घर से चली गई थी। आरोप था कि मुकेश कुमार पुत्र विक्रम, निवासी ग्राम वीरभानपुर, थाना राजातालाब, वाराणसी, उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। तहरीर के आधार पर थाना चितईपुर में मुकदमा संख्या 195/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत दर्ज कर जांच शुरू की गई। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में धारा 87 बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।
पुलिस टीम ने 7 अगस्त 2026 को आरोपी मुकेश कुमार, उम्र करीब 22 वर्ष, को ग्राम बंधीपुर सिरकोनी मुसहर बस्ती, थाना जलालपुर, जनपद जौनपुर से गिरफ्तार किया। इसी दौरान पीड़िता को भी सकुशल बरामद कर लिया गया। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार गौतम, उपनिरीक्षक रवि चौहान, उपनिरीक्षक मो. मोईन, महिला उपनिरीक्षक नियती जायसवाल सहित पुलिस टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।