वशिष्ठ गोंड की रिपोर्ट
वाराणसी। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी के जन्मदिन के अवसर पर जिला व महानगर कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में दारानगर स्थित प्रसिद्ध महामृत्युंजय मंदिर में भव्य रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया। वैदिक ब्राह्मणों द्वारा विधि-विधान पूर्वक रुद्राभिषेक के दौरान वातावरण में मंत्रोच्चार और श्रद्धा का भाव देखने को मिला। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने कहा कि प्रियंका गांधी देश की राजनीति में संवेदनशीलता, साहस और जनसंघर्ष की प्रतीक हैं। वे निरंतर आम जनता, खासकर महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों की आवाज़ को मजबूती से उठाती रही हैं। उनके जन्मदिन पर हम भगवान महामृत्युंजय से उनके दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करते हैं। जिलाध्यक्ष पटेल ने कहा “प्रियंका गांधी का जीवन सेवा, संघर्ष और समर्पण का उदाहरण है। उनके नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों पर मजबूती से खड़ी है। आज का यह रुद्राभिषेक उनके लंबे और सक्रिय राजनीतिक जीवन की कामना के लिए किया गया है। महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा “प्रियंका गांधी ने जमीनी राजनीति को नई ऊर्जा दी है। वे हर वर्ग की पीड़ा को समझती हैं और सड़क से संसद तक संघर्ष करती हैं। वाराणसी कांग्रेस परिवार की ओर से हम उनके उज्ज्वल भविष्य और देश में सामाजिक न्याय की मजबूती के लिए प्रार्थना करते हैं। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर प्रियंका गांधी के जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और संकल्प लिया कि वे उनके विचारों और संघर्षों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य निरंतर करते रहेंगे। रुद्राभिषेक में प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, राजेश्वर सिंह पटेल, राघवेन्द्र चौबे, प्रमोद पाण्डेय, दुर्गाप्रसाद गुप्ता, राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, अनुराधा यादव, मनोज वर्मा, प्रमोद वर्मा, नरसिंह वर्मा, आकाश त्रिपाठी, विकास पाण्डेय, रामजी गुप्ता, किशन यादव समेत दर्जनों लोग उपस्थित रहे।