दिव्य प्रकाश गुप्ता की रिपोर्ट
वाराणसी। भारत की जनगणना-2027 की तैयारियों के तहत यू पी कॉलेज के सभागार में सोमवार को प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” जनपद स्तरीय फील्ड ट्रेनर्स के प्रथम बैच का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जो कि आगामी 18 मार्च तक चलेगा। वहीं द्वितीय बैच का प्रशिक्षण कार्यक्रम 19, 20 से 23 मार्च तक निर्धारित किया गया है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मास्टर ट्रेनर द्वारा जनगणना कार्य से संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना की प्रक्रिया, परिभाषाएं, हाउस लिस्टिंग, लेआउट मैप तथा आंकड़ा संकलन की विधियों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के प्रथम दिवस पर जिलाधिकारी/प्रमुख जनगणना अधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने कार्यक्रम में उपस्थित होकर अधिकारियों को जनगणना की प्रक्रिया, महत्ता तथा उसकी गोपनीयता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने निर्देश दिया कि जनगणना के प्रति आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और इस महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। जिलाधिकारी ने बताया कि जनगणना कार्य दो चरणों में संपन्न कराया जाएगा। प्रथम चरण के अंतर्गत ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ का कार्य 22 मई 2026 से 20 जून 2026 तक किया जाएगा। इससे पूर्व 7 मई 2026 से 21 मई 2026 तक आम नागरिक स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे।