रिपोर्ट /गुफरान अहमद मिर्जापुर। बदलते मौसम के साथ जिले में वायरल फीवर का प्रकोप तेजी से बढ़ता जा रहा है। बुखार, सर्दी, जुकाम और खांसी की शिकायत लेकर बड़ी संख्या में मरीज मंडलीय अस्पताल पहुंच रहे हैं। स्थिति यह है कि प्रतिदिन 270 से अधिक मरीज इलाज के लिए अस्पताल की ओपीडी में पहुंच रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है।
मंडलीय अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट एवं फिजिशियन डॉ. सुनील कुमार सिंह ने बताया कि फिलहाल जिले में स्वाइन फ्लू का कोई पुष्ट मामला सामने नहीं आया है। हालांकि वायरल फीवर और स्वाइन फ्लू के शुरुआती लक्षण काफी हद तक समान हो सकते हैं। बुखार, खांसी, जुकाम और सांस लेने में तकलीफ होने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की गई है।
डॉक्टरों ने लोगों को बिना सलाह मेडिकल स्टोर से दवा खरीदकर सेवन न करने की चेतावनी दी है। साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर मास्क लगाने, बार-बार हाथ धोने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई
चिकित्सकों ने खुले खाद्य पदार्थ, कटे फल और अत्यधिक ठंडी चीजों से बचने की भी अपील की है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार समय पर जांच और सही उपचार ही वायरल संक्रमण से बचाव का सबसे प्रभावी तरीका है।