माननीय मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन हेतु समर्पित *मिशन शक्ति फेज–5.0* के अंतर्गत प्रदेश के समस्त थानों पर महिलाओं की सुरक्षा, सहयोग एवं संरक्षण हेतु स्थापित *मिशन शक्ति केन्द्रों* के प्रभावी संचालन, क्रियान्वयन एवं प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से आज दिनांक *19.12.2025* को थाना *कपसेठी* परिसर में शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।उक्त कार्यक्रम *प्रभारी निरीक्षक, कपसेठी* के नेतृत्व में मिशन शक्ति टीम द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें *नान्दी फाउंडेशन इंडिया* के प्रोजेक्ट *“नन्ही कली”* के तत्वावधान में कम्पोजिट विद्यालय *बरकी*, कम्पोजिट विद्यालय *पूरेनन्दा*, *स्व० अद्याशंकर स्कूल बरकी*, पूर्व माध्यमिक विद्यालय *गजापुर*, *यूपीएस विद्यालय गजापुर* तथा *स्व० विजय बहादुर बालिका विद्यालय सकलपुर कपसेठी* के छात्र–छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में विद्यालयों के शिक्षकगण, फाउंडेशन की महिला कोऑर्डिनेटर एवं अन्य कर्मचारी भी उपस्थित रहे।मिशन शक्ति टीम की *महिला उपनिरीक्षक दिव्या भदौरिया* द्वारा छात्र–छात्राओं को थाना कार्यालय, मिशन शक्ति केन्द्र, प्रभारी निरीक्षक कक्ष, हवालात (पुरुष), मालखाना, थाना मेस, बैरक एवं अन्य आवासीय व्यवस्थाओं का भ्रमण कराते हुए थाना की कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया। साथ ही उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा एवं सशक्तिकरण हेतु संचालित विभिन्न *महिला हेल्पलाइन नंबरों* एवं *साइबर सुरक्षा हेल्पलाइन* के विषय में विस्तार से जानकारी दी गई।कार्यक्रम के दौरान महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, विधिक परामर्श, काउंसलिंग एवं कानूनी सहायता के लिए स्थापित *मिशन शक्ति केन्द्र* की उपयोगिता पर प्रकाश डाला गया तथा सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण, सुरक्षा एवं आत्मनिर्भरता हेतु चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं के संबंध में जागरूक किया गया। उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं को निर्भीक होकर अपनी समस्याओं के समाधान हेतु मिशन शक्ति केन्द्र से संपर्क करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।उक्त अवसर पर *वरिष्ठ उपनिरीक्षक सोमन कुमार*, *महिला उपनिरीक्षक दिव्या भदौरिया*, *उपनिरीक्षक अभिषेक कुमार तिवारी*, *उपनिरीक्षक शशांक राय*, अन्य पुलिसकर्मी, *प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर नेहा बिंद* एवं स्टाफ सहित बड़ी संख्या में छात्र–छात्राएं उपस्थित रहीं। प्रतिभागियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का पुलिस टीम द्वारा प्रभावी ढंग से समाधान किया गया।कार्यक्रम के अंत में थाना कपसेठी मिशन शक्ति टीम द्वारा सभी छात्र–छात्राओं को मिष्ठान वितरण कर धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।