वाराणसी दिव्य प्रकाश गुप्ता की रिपोर्ट :मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को वाराणसी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। वे राहत शिविर में पीड़ितों को आपदा किट भी बांटेंगे। वह काशी विश्वनाथ और कालभैरव मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। रात्रि में ही लखनऊ लौट जाएंगे।
मुख्यमंत्री शाम करीब पांच बजे आजमगढ़ से हेलीकाप्टर से पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके पूर्व वह हेलीकॉप्टर से गंगा और वरुणा के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण करेंगे। पुलिस लाइन में बने सेफ हाउस में जनप्रतिनिधियों, पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के साथ लगभग 20 मिनट तक बाढ़ के हालात और राहत कार्यों की समीक्षा करेंगे। मीटिंग के बाद सीधे सलारपुर स्थित विद्या विहार इंटर कॉलेज में बने राहत शिविर पहुंचेंगे। यहां 160 से अधिक बाढ़ पीड़ितों से शिविर की व्यवस्थाओं का फीडबैक लेंगे। उन्हें राहत किट देंगे। यहां 40 परिवार रह रहे हैं। इनमें 65 पुरुष, 60 महिलाएं, 34 बच्चे और 06 बुजुर्ग हैं। सीएम यहां से कालभैरव और विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए जाएंगे। बाबतपुर एयरपोर्ट से शाम 7.30 बजे लखनऊ रवाना हो जाएंगे।