कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्ट वाराणसी। सीर गोवर्धनपुर वार्ड संख्या-23 स्थित संत रविदास मंदिर मुख्य मार्ग पर सड़क से सटे लगभग आधा दर्जन गहरे गड्ढे लंबे समय से खुले पड़े हैं। इन गड्ढों में हमेशा जलभराव रहने के कारण उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता और आए दिन राहगीर दुर्घटना का शिकार होकर घायल हो रहे हैं।स्थानीय लोगों के अनुसार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन के दौरान इन गड्ढों को नगर निगम द्वारा बांस-बल्ली और हरे पर्दों से घेरकर ढक दिया गया था। क्षेत्रीय लोगों ने अधिकारियों से अनुरोध किया था कि यदि तत्काल मरम्मत संभव नहीं है तो कम से कम सुरक्षा के लिए लगाए गए बांस-बल्ली को न हटाया जाए।
लेकिन मुख्यमंत्री के लौटते ही 30 जुलाई को नगर निगम द्वारा सुरक्षा घेरा हटा लिया गया, जिससे यह स्थान फिर से आम जनता के लिए जानलेवा बन गया।इसी गंभीर लापरवाही के विरोध में आज अमन यादव के नेतृत्व में क्षेत्रीय जनता ने जलभराव वाले गड्ढे में उतरकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया।
विरोध प्रदर्शन में लाल बहादुर यादव, बाबूलाल, चंदन सोनकर, गोलू यादव, चंचल सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।