शिवपूजन कुमार की रिपोर्टवाराणसी। रोहनिया थाना क्षेत्र के सदलपुर (लठिया) गांव निवासी विकास कुमार गौड़ ने पुलिस कमिश्नर वाराणसी को प्रार्थना पत्र देकर घर में हुई चोरी के मामले में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थना पत्र के अनुसार घटना 3 अगस्त 2026 की रात करीब 1:30 बजे की है। उस समय घर पर कोई मौजूद नहीं था। आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर अनिल कुमार पुत्र स्व. कैलाश पटेल, मनीष कुमार राठौर उर्फ बाबू उर्फ बबलू पुत्र भरत राठौर, रोहित गिरी पुत्र रमेश गिरी तथा आदित्य दास पुत्र निर्मल दास ने घर में घुसकर चोरी की।
पीड़ित के मुताबिक चोर उसकी शादी के लिए रखे गए सामान के साथ उसकी माता के करीब 3 तोला सोने की बाली, दो सोने की अंगूठी, नथिया, पायजनी, चार पायल, दो चांदी के सिक्के, दो मंगलसूत्र तथा 30 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। पीड़ित का दावा है कि घटना की पूरी रिकॉर्डिंग घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में मौजूद है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने आरोपियों को पकड़कर पुलिस चौकी अखरी, थाना रोहनिया ले जाने की बात कही गई है। इसके बावजूद 4 अगस्त से 11 अगस्त तक FIR दर्ज न होने और चोरी का सामान बरामद न होने का आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने पुलिस कमिश्नर से मामले में गंभीरता से कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज कराने और चोरी का सामान बरामद कराने की मांग की है।