Follow us on

शिक्षा से बदलेगा भविष्य: डॉ. अभिनव कटियार ने कर्मचारियों के बच्चों की पढ़ाई का उठाया आजीवन जिम्मा

Share this post:

 कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्ट.वाराणसी के चितईपुर थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल के निदेशक एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. अभिनव कटियार ने समाज के लिए एक ऐसी प्रेरणादायक पहल शुरू की है, जो शिक्षा के क्षेत्र में नई मिसाल बन रही है। उन्होंने अपने अस्पताल में समर्पण, ईमानदारी और लगन से कार्य करने वाले कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा का पूरा दायित्व उठाने का निर्णय लिया है।

डॉ. अभिनव कटियार का मानना है कि किसी भी समाज का वास्तविक विकास शिक्षा से ही संभव है। इसी सोच को साकार करते हुए उन्होंने यह अनूठी मुहिम शुरू की है। इस पहल के तहत हर वर्ष अस्पताल के उन कर्मचारियों का चयन किया जाएगा, जिन्होंने अपने कार्य के प्रति उत्कृष्ट निष्ठा, अनुशासन और ईमानदारी का परिचय दिया हो। चयनित कर्मचारियों के बच्चों की पढ़ाई का पूरा खर्च अस्पताल प्रबंधन द्वारा वहन किया जाएगा।

इस योजना की सबसे खास बात यह है कि बच्चों की शिक्षा केवल शुरुआती कक्षाओं तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि प्राथमिक शिक्षा से लेकर उच्च शिक्षा, प्रोफेशनल कोर्स या वे जितना आगे पढ़ना चाहें, तब तक का पूरा शैक्षणिक खर्च डॉ. कटियार उठाएंगे। इसका उद्देश्य आर्थिक तंगी के कारण किसी भी प्रतिभाशाली बच्चे की पढ़ाई बीच में न छूटे।

डॉ. अभिनव कटियार ने कहा कि अस्पताल की सफलता केवल डॉक्टरों की नहीं, बल्कि हर कर्मचारी की मेहनत का परिणाम होती है। ऐसे में कर्मचारियों और उनके परिवार के भविष्य को सुरक्षित करना भी उनकी सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि यदि एक बच्चे को अच्छी शिक्षा मिलती है, तो वह केवल अपना ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का भविष्य बदल सकता है।

उन्होंने आगे कहा, “मेरा उद्देश्य सिर्फ आर्थिक सहायता देना नहीं है, बल्कि समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। यदि हम एक बच्चे को पढ़ाने का संकल्प लेते हैं, तो हम एक बेहतर समाज की नींव रख रहे होते हैं।”

डॉ. कटियार की इस पहल की अस्पताल के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने जमकर सराहना की है। कर्मचारियों का कहना है कि यह केवल एक सहायता योजना नहीं, बल्कि उनके बच्चों के सुनहरे भविष्य की गारंटी है। वहीं समाज के लोगों का मानना है कि यदि अन्य संस्थान और उद्योग भी अपने कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा की जिम्मेदारी उठाएं, तो देश में शिक्षा का स्तर और सामाजिक विकास दोनों नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं।

डॉ. अभिनव कटियार की यह पहल इस बात का उदाहरण है कि सामाजिक बदलाव केवल सरकारी योजनाओं से नहीं, बल्कि समाज के जिम्मेदार और संवेदनशील लोगों के छोटे-छोटे प्रयासों से भी संभव है। शिक्षा के माध्यम से भविष्य संवारने की यह सोच निश्चित रूप से कई लोगों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

लेखक के बारे में

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x