श्री काशी सुमेरु पीठाधीश्वर अनन्त श्री विभूषित जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी नरेन्द्रानन्द सरस्वती जी महाराज ने आज माघ पूर्णिमाके पावन पर्व पर अनेक सिद्धियों को प्रदान करने वाले रवि पुष्य चतुष्ग्रही योग में राष्ट्र के समृद्धि एवम् सुरक्षा की कामना से संगम स्नान किया । इसी के साथ इस वर्ष का माघ मास का कल्पवास सम्पन्न हो गया । शंकराचार्य जी महाराज ने अपने सन्देश में कहा कि माता गंगा की कृपा से इस वर्ष का माघ मेला सकुशल संपन्न हुआ, इसके लिए व्यवस्था में लगे सभी अधिकारी और कर्मचारी बधाई के पात्र हैं । सभी सनातनधर्मी स्वस्थ रहें, और अगले वर्ष पुनः पधार कर संगम में पुण्य की डुबकी लगाकर अपने जीवन को धन्य करें । शंकराचार्य स्वामी नरेन्द्रानन्द सरस्वती जी महाराज अपने सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के अभियान में आज झारखण्ड प्रस्थान कर गए । वहाँ से वापस अपने त्रिवेणी मार्ग स्थित शिविर में आकर शिवरात्रि पर सम्पन्न होने वाले अखण्ड महारूद्राभिषेक, शिव बारात एवम् भण्डारा के आयोजन में उपस्थित रहेंगे । शिवरात्रि के पश्चात् शिविर का समापन होगा ।