वाराणसी जितेंद्र पटेल की रिपोर्ट। गोमती जोन के राजातालाब थाना क्षेत्र में सनसनीखेज श्रेया उपाध्याय हत्याकांड का मुख्य आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ा । कमिश्नरेट पुलिस ने आज 07 सितंबर को जगरदेवपुर के पास मुठभेड़ के बाद मुख्य अभियुक्त विवेक चौबे उर्फ निखिल (29) को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को देखकर भाग रहे विवेक ने जान से मारने की नीयत से फायर किया, जिसके जवाब में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उसे सीएचसी जक्खिनी भेजा गया है। उसके पास से .315 बोर का देशी तमंचा और कारतूस बरामद हुआ है। गौरतलब है कि 18 अगस्त को ग्राम मरुई निवासी 22 वर्षीय श्रेया लापता हुई थी और 20 अगस्त को उसका शव रोहनिया के बच्छाव में मिला था। इस मामले में पुलिस पहले ही उसके साथी पुनीत मिश्रा और रामसहाय चौबे को जेल भेज चुकी है। डीसीपी गोमती जोन नीतू कादयान के निर्देश पर गठित 4 टीमों ने यह कार्रवाई की। पूछताछ में विवेक ने कबूला कि श्रेया की शादी दूसरी जगह तय होने से नाराज होकर उसने पुनीत के साथ मिलकर हत्या की थी।