वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता की रिपोर्टवाराणसी –सृजन सामाजिक विकास न्यास के अध्यक्ष एवं पर्यावरण ऋषि अनिल कुमार सिंह की प्रेरक पहल पर मंगलवार को संत अतुलानन्द कॉलेज कोइराजपुर परिसर में पर्यावरण संरक्षण को लेकर एक बृहद् जागरूकता अभियान चलाया गया। इस कार्यक्रम के अन्तर्गत भव्य पर्यावरण संरक्षण रैली,वृहद् वृक्षारोपण और सनातन परंपरा के अनुसार गौ पूजन का पूण्य कार्य भी किया गया। इस गरिमामयी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि 95 बटालियन सीआरपीएफ के कमांडेंट आर.एस. बालापुरकर उपस्थित रहे, तथा साथ में 95 सीआरपीएफ के जवान भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के शुभारम्भ में विद्यालय के सभी गुरुजनों, प्रबुद्ध जनों और छात्र- छात्राओं ने मिलकर कोइराजपुर परिसर और आसपास के क्षेत्रो में एक विशाल पर्यावरण जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से समाज को पेड़ लगाने और प्रकृति को बचाने का संदेश दिया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों द्वारा परिसर में फलदार व छायादार पौधों का रोपण किया गया। प्रकृति की रक्षा के साथ-साथ हमारी संस्कृति के प्रतीक गौवंश की सेवा का संकल्प लेते हुए वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गौ पूजन भी किया गया। इस अवसर पर सृजन सामाजिक विकास न्यास के अध्यक्ष अनिल कुमार सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और नागरिकों को जीवन में जल संचयन और पर्यावरण को स्वच्छ व हरा-भरा रखने की सामूहिक शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि आज के समय में जल संकट और पर्यावरण असंतुलन सबसे बड़ी चुनौती है। जिससे निपटने के लिए छात्र शक्ति का आगे आना बेहद जरूरी है। इस मौके पर पर्यावरण एवं जल संरक्षण विषय पर एक विशेष विचार संगोष्ठी का भी आयोजन किया गया। संगोष्ठी में उपस्थित विद्वत जनों और शिक्षाविदों ने बदलते मौसम चक्र, ग्लोबल वार्मिंग और गिरते भूजल स्तर पर गहरी चिंता व्यक्त की। वक्ताओं ने दैनिक जीवन में प्लास्टिक का उपयोग बन्द करने और वर्षा का जल संचयन, वाटर हार्वेस्टिंग को अपनाने पर बल दिया। इस कार्यक्रम अन्त में विद्यालय प्रबंधन ने मुख्य अतिथि सृजन न्यास के अध्यक्ष और सभी आगंतुकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस सफल भागीदारी के लिए छात्र-छात्राओं की सराहना की। इस कार्यक्रम की अध्यक्षता संत अतुलानन्द कान्वेंट स्कूल के अध्यक्ष राहुल सिंह एवं निदेशक वन्दना सिंह ने किया।