वाराणसी। सतवां स्थित धनपत्ती इंटर कॉलेज में राजमाता जिजाऊ जयंती समारोह का आयोजन किया गया कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. आर.एस. पटेल उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रबंधक सत्यनारायण पटेल एवं उनके सहयोगियों ने फूल-मालाओं से मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
समारोह का शुभारंभ डॉ. आर.एस. पटेल द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए, जिसमें राजमाता जिजाऊ के जीवन, त्याग और राष्ट्रभक्ति को दर्शाया गया।
अपने संबोधन में डॉ. आर.एस. पटेल ने कहा कि राजमाता जिजाऊ भारतीय इतिहास की महान नारी शक्ति थीं, जिन्होंने छत्रपति शिवाजी महाराज को बचपन से ही राष्ट्रभक्ति, साहस और संस्कारों की शिक्षा दी। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। अंत में आयोजकों द्वारा अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।