वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट
वाराणसी –उत्तर प्रदेश संयुक्त सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष सोनचन्द वाल्मीकि, कोषाध्यक्ष श्रवण कुमार भारती,मण्डल अध्यक्ष ओमप्रकाश वैरिहा ने वाराणसी में मंगलवार को आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संयुक्त सफाईकर्मी संघ एवं वाल्मीकि समाज के द्वारा अभिनन्दन करते हुए कहा कि वाराणसी नगर निगम के हजारों सफाई कर्मचारी जो दिन रात खून पसीना बहा कर भीषण गर्मी में अपने सांसद भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वागत अभियान में निरन्तर सफाई कार्य में लगे रहें।जब संगठन की टीम द्वारा भ्रमण के दौरान सफाईकर्मियों से उनका कुशल क्षेम पूछा गया तो सभी सफाईकर्मियों ने कहा कि हम लोगों को एक हफ्ते से सफाई कार्य में लगाया गया है। हमें सफाई निरीक्षक व अधिकारी गणों के द्वारा ना लंच पैकेट दिया गया ना पानी दिया गया। हम लोग अधिकारियों के डर व प्रधानमंत्री जी के अभिनंदन के लिए दिन रात खून पसीना बहा कर तपती धूप में सफाई कर रहे हैं। इसमें अधिकांश आउटसोर्सिंग के कर्मचारी भी शामिल हैं। इनको श्रम विभाग की न्यूनतम मजदूरी 422/ अकुशल श्रमिक के तौर पर दिया जाता है। हम लोगों के द्वारा यह भी सफाई कर्मियों से पूछा गया की क्या प्रेस वाले या कोई बड़ा नेता या जन प्रतिनिधि आपके पास आए,तो सफाई कर्मियों ने बताया कि नहीं आए। यह बेहद गंभीर बात है। प्रधानमंत्री जी के आगमन अभिनन्दन में लगे सफाई कर्मचारियों की पीड़ा को समझने वाला कोई जनप्रतिनिधि या कोई बड़ा नेता या किसी मीडिया कर्मी ने इनकी सुधि नहीं ली।जिसका हम सफाईकर्मियों को बेहद अफसोस है। हम देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से अपेक्षा करते हैं कि इन सफाई कर्मचारियों को कुछ ना कुछ सौगात तो देंगे एवं वर्षों से लंबित वाराणसी नगर निगम के 431 संविदा सफाई कर्मचारियों के वेतन बढ़ोतरी का निराकरण हेतु कुछ आदेश तो जरूर देंगे।