Follow us on

सामनेघाट पर नाव संचालन को लेकर नाविकों में हिंसक झड़प, तीन नामजद सहित 60 अज्ञात पर मुकदमा

Share this post:

वाराणसी। गंगा में नाव संचालन को लेकर चला आ रहा विवाद एक बार फिर हिंसक रूप में सामने आया है। लंका थाना क्षेत्र के सामनेघाट स्थित जजेज गेस्ट हाउस के पास बने पक्का घाट पर नाव लगाने को लेकर नाविकों के दो गुट आमने-सामने आ गए। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिससे घाट क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन नामजद आरोपियों समेत 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।पुलिस के अनुसार यह मुकदमा मदरवा निवासी गौतम साहनी की तहरीर पर दर्ज किया गया है। पीड़ित ने बताया कि शुक्रवार को वह अपने साथी नाविकों कल्लू, रामचंद्र, सोमनाथ, रामानंद और विकास साहनी के साथ पक्का घाट पर सवारी का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान बबलू साहनी नामक व्यक्ति वहां पहुंचा और नाव संचालन को लेकर विरोध करने लगा। स्थानीय नाविकों द्वारा कारण पूछे जाने और समझाने के प्रयास के बाद वह मौके से चला गया।आरोप है कि कुछ समय बाद बबलू साहनी अपने 50 से 60 साथियों के साथ करीब 10 नावों पर सवार होकर दोबारा घाट पर पहुंचा। घाट पर पहुंचते ही उसने अपने साथियों के साथ मिलकर नाविकों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों के हाथों में लाठी-डंडे और लोहे की रॉड थीं, जिससे उन्होंने अंधाधुंध मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुए हमले से घाट पर मौजूद अन्य नाविक और श्रद्धालु दहशत में आ गए और जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।इस हिंसक झड़प में कई नाविक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही लंका थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए तीन नामजद आरोपियों सहित 50 से 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राणघातक हमला सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। अज्ञात आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और स्थानीय लोगों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x
Verified by MonsterInsights