कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्ट
वाराणसी के महमूरगंज स्थित पाणिनि कन्या महाविद्यालय के प्रांगण में दिनांक 15 अप्रैल को आयोजित कराटे की कलर एवं ब्लैक बेल्ट परीक्षा में सिको काई कराटे इंटरनेशनल वाराणसी के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इस परीक्षा में संस्था के आठ प्रतिभाशाली कराटेकाओं—मास्टर मौर्यांश टाइगर, मास्टर रुचिर, मास्टर प्रणय ज्योति ढाल, सौम्या वर्मा, स्मृति आर्या, आयुष श्रीवास्तव, आकाश सोनकर एवं पंकज सिंह यादव—ने सफलतापूर्वक ब्लैक बेल्ट परीक्षा उत्तीर्ण कर संस्था का नाम गौरवान्वित किया।
इसके अतिरिक्त, लगभग 125 कराटे प्रशिक्षुओं ने भी विभिन्न तकनीकी आयामों—किहोन, सुकी वाजा, गेरी वाजा, उके वाजा, अते/ऊची वाजा, कुमिते (लागेंकी, जुन लांगेकी, रानदोरी) तथा बुनकाई सहित उत्कृष्ट काता और होजु अण्डु—में शानदार प्रदर्शन करते हुए येलो, ऑरेंज, ग्रीन, ब्लू, पर्पल एवं ब्राउन बेल्ट की परीक्षाएं सफलतापूर्वक उत्तीर्ण कीं।
ब्लैक बेल्ट अभ्यर्थियों ने कठोर शारीरिक प्रशिक्षण के साथ-साथ लिखित परीक्षा में भी सफलता प्राप्त कर ‘सेम्पई’ की उपाधि अर्जित की। परीक्षा का संचालन सिको काई कराटे इंटरनेशनल उत्तर प्रदेश के प्रशिक्षकों द्वारा किया गया। इस अवसर पर मुख्य पर्यवेक्षक के रूप में सेंसेई आर. बालाजी, सेंसेई राजेंद्र तिवारी, सेंसेई अजीत श्रीवास्तव, सेंसेई अखिलेश रावत एवं सेंसेई गणेश विश्वकर्मा उपस्थित रहे, जबकि सेम्पई शिवम पांडेय की भी विशेष उपस्थिति रही।
उत्तीर्ण खिलाड़ियों को बेल्ट एवं प्रमाण पत्र विश्व वैदिक सनातन न्यास के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संतोष कुमार सिंह एवं पाणिनि कन्या महाविद्यालय की प्राचार्या आचार्या नंदिता शास्त्री द्वारा प्रदान किए गए। इस अवसर पर सभी अतिथियों ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का आयोजन आरम्भ स्पोर्ट्स एण्ड फिटनेस एकेडमी के तत्वावधान में किया गया।
इसकी जानकारी सिको काई कराते डू इण्टर नेशनल उत्तर प्रदेश के मुख्य प्रतिनिधि सेंसेई अखिलेश रावत द्वारा दी गई।