राहुल मोदनवाल की रिपोर्ट:जौनपुर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव सोमवार को समसपुर पनियरिया स्थित राज्यमंत्री गिरीशचंद्र यादव के आवास पर आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम में पहुंचे। निर्धारित समय से करीब तीन घंटे विलंब से पहुंचे मुख्यमंत्री ने स्वर्गीय सवधु यादव के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद उन्होंने दिवंगत की पत्नी रजपत्ती यादव सहित परिजनों से मुलाकात कर शोक-संतप्त परिवार को ढाढ़स बंधाया और हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।करीब आधे घंटे तक परिजनों से मिलने के बाद मुख्यमंत्री बाहर आए और सुरक्षा घेरे के भीतर मौजूद कार्यकर्ताओं व आमजन का हाथ हिलाकर अभिवादन किया। पंडाल में पहुंचकर उन्होंने जनप्रतिनिधियों से बातचीत की और मौजूद लोगों के साथ सेल्फी भी ली।प्रेस से संक्षिप्त बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा, “मैं महाकाल की धरती से आया हूं और बाबा विश्वनाथ की नगरी में दर्शन-पूजन के बाद अपने मित्र राज्यमंत्री गिरीशचंद्र यादव के पिता को श्रद्धांजलि देने आया हूं।” इसके बाद वे मीडिया के प्रश्न लिए बिना रवाना हो गए।