वशिष्ठ पत्रकार की रिपोर्ट वाराणसी
वाराणसी- सीर गोवर्धनपुर वार्ड नंबर 23, चौरा माता मंदिर के बगल स्थित दलित बस्ती में पिछले लगभग 2 साल से एक जर्जर व जानलेवा बिजली का खंभा घर की छत के सहारे टिक हुआ है। स्थानीय लोगों द्वारा बार-बार शिकायत किए जाने के बावजूद बिजली विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिससे क्षेत्रीय जनता में भारी रोष है।इसी गंभीर समस्या को लेकर आज क्षेत्रीय जनता के साथ धरना-प्रदर्शन किया गया। यह धरना बाबा साहेब अम्बेडकर वाहिनी के महानगर अध्यक्ष अमन यादव के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। धरने में अशोक यादव, धन्नो देवी, सरिता, हिमांशु सहित बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल रहे।धरने को संबोधित करते हुए अमन यादव ने कहा कि बिजली विभाग की यह लापरवाही सीधे जनता की जान से खिलवाड़ है। यदि दो दिनों के भीतर जर्जर बिजली खंभे को ठीक नहीं किया गया, तो मजबूरन क्षेत्रीय जनता के साथ बिजली विभाग कार्यालय में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।स्थानीय निवासियों का कहना है कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन विभाग सिर्फ वहीं काम करता है जहां विरोध होता है, बाकी जगहों की अनदेखी की जाती है।