रिपोर्ट गुफरान अहमद मिर्जापुर में चील्ह थाना क्षेत्र के हरसिंहपुर गांव में निर्माणाधीन सिक्स लेन पुल के लिए खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो ग। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है। पुलिस शवों को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई में जुटी है।मामला चील्ह थाना क्षेत्र की चेतगंज पुलिस चौकी अंतर्गत हरसिंहपुर गांव का है। निर्माणाधीन सिक्स लेन पुल के लिए खोदे गए गड्ढे में बारिश का पानी भर गया था। मंगलवार शाम खेलते समय गांव के दो बच्चे 7 वर्षीय सत्यम पुत्र कड़ेदिन और 6 वर्षीय किशन पुत्र सुरेश उर्फ कालिया पानी से भरे गड्ढे में डूब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। परिजन लापता बच्चों की खोज कर रहे थे। देर रात उनका शव गड्ढे में मिला।
सूचना मिलते ही चील्ह पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने ग्रामीणों और परिजनों को समझा-बुझाकर दोनों बच्चों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों ने कार्यदायी कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसपी सिटी नितेश सिंह ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।