सुकन्या सिंह की रिपोर्ट वाराणसी–7 यूपी नेवल यूनिट एनसीसी, बीएचयू, वाराणसी द्वारा मंगलवार को अस्सी घाट पर गंगा नदी में कयाक प्रशिक्ष का प्रभावी एवं सुव्यवस्थित आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एनसीसी ग्रुप मुख्यालय वाराणसी ‘ए’ के अंतर्गत नेवी एवं आर्मी विंग के कुल 60 कैडेट्स के लिए आयोजित किया गया, जिन्होंने उत्साह और अनुशासन के साथ इसमें भाग लिया।
यह प्रशिक्षण 7 यूपी नेवल एनसीसी यूनिट के कमांडिंग ऑफिसर कमांडर निखिल वैश के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम के सुचारु संचालन हेतु राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) तथा नगर निगम वाराणसी के साथ समन्वय स्थापित किया गया था। प्रशिक्षण के दौरान एनडीआरएफ की टीम ने आवश्यक जल-सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की, वहीं नगर निगम का भी पूर्ण सहयोग प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम में 7 नेवल एनसीसी के एएनओ लेफ्टिनेंट कमांडर प्रवीण प्रकाश एवं सेकंड ऑफिसर योगेश कुमार की उपस्थिति रही। कैडेट्स को कयाकिंग की मूलभूत एवं उन्नत तकनीकों, चप्पू संचालन, जलधारा में संतुलन बनाए रखने तथा नदी में नेविगेशन के व्यावहारिक कौशलों का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। अस्सी घाट के विस्तृत जल क्षेत्र में आयोजित इस अभ्यास ने युवाओं में आत्मविश्वास, साहस और सामूहिक कार्य की भावना को सुदृढ़ किया।
कमांडिंग ऑफिसर कमांडर निखिल वैश ने कहा कि कयाक प्रशिक्षण केवल एक खेल गतिविधि नहीं, बल्कि आपदा प्रबंधन, नेतृत्व विकास और त्वरित निर्णय क्षमता के निर्माण का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा, “जल आधारित कौशल आज के परिप्रेक्ष्य में अत्यंत आवश्यक हैं। ऐसे प्रशिक्षण कैडेट्स को शारीरिक रूप से सुदृढ़, मानसिक रूप से सजग और राष्ट्र सेवा के लिए पूर्णतः तैयार बनाते हैं।”
उल्लेखनीय है कि कयाकिंग नोड की स्थापना दिसंबर 2025 में एनसीसी के तत्वावधान में की गई, जिसका उद्देश्य कैडेट्स में खेल भावना, साहस, अनुशासन एवं जल-आधारित कौशलों का विकास करना है। यह पहल युवाओं को साहसिक गतिविधियों के माध्यम से नेतृत्व क्षमता, टीम भावना तथा आपदा के समय त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया देने के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।