विवेक जैन की रिपोर्ट
बागपत। डूडा अधिकारी और उनकी महिला मित्र की निर्मम हत्या का मामला सामने आने से पूरे प्रदेश में सनसनी फैल गई है। 16 अप्रैल से लापता सिटी मिशन मैनेजर विक्रांत कुमार और राखी कश्यप के शव सहारनपुर के अलग-अलग इलाकों से बरामद किए गए हैं।
पुलिस जांच के अनुसार, दोनों को सुनियोजित साजिश के तहत कार से अगवा कर एक सुनसान फार्म हाउस ले जाया गया, जहां धारदार हथियारों से उनकी हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पहचान छिपाने और पुलिस को भ्रमित करने के लिए शवों को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया गया।
विक्रांत कुमार 16 अप्रैल को अचानक लापता हो गए थे, जिसके बाद उनकी पत्नी ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी और एक महिला पर आरोप भी लगाए थे। 17 अप्रैल को एक अज्ञात शव मिला, जिसकी पहचान बाद में विक्रांत के रूप में हुई, जबकि 27 अप्रैल को एक युवती का शव बरामद हुआ, जो राखी कश्यप निकली।
पुलिस इस दोहरे हत्याकांड में ‘लव ट्रायंगल’ और पुरानी रंजिश दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। मामले को सुलझाने के लिए कई टीमें गठित की गई हैं।