कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्ट वाराणसी*बरेका में नुक्कड़ नाटक के माध्यम से गूंजा पर्यावरण संरक्षण का संदेश
रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत के नेतृत्व में 15 मई 2026 से 5 जून 2026 तक “विश्व पर्यावरण दिवस-2026” अभियान उत्साह एवं जनभागीदारी के साथ मनाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, ऊर्जा संरक्षण, जलवायु परिवर्तन एवं सतत विकास के प्रति समाज में व्यापक जागरूकता उत्पन्न करना है।
इसी क्रम में आज दिनांक 26 मई 2026 को बरेका स्थित जलालीपट्टी मार्केट में “हम सबकी जिम्मेदारी” विषय पर एक प्रभावशाली एवं जन-जागरूकता से परिपूर्ण नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। बरेका नाट्य दल द्वारा प्रस्तुत इस नाटक ने अपनी जीवंत अभिनय शैली, प्रभावशाली संवादों एवं सामाजिक संदेशों के माध्यम से उपस्थित नागरिकों एवं कर्मचारियों को भावनात्मक रूप से जोड़ दिया।
नाटक के माध्यम से कलाकारों ने पर्यावरण संरक्षण का सशक्त संदेश देते हुए जल एवं ऊर्जा बचाने, अधिकाधिक वृक्षारोपण करने, प्लास्टिक के उपयोग को कम करने तथा स्वच्छ एवं हरित वातावरण बनाए रखने के लिए लोगों को प्रेरित किया। प्रस्तुति के दौरान दर्शकों ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए पर्यावरण सुरक्षा के संदेश को सराहा।
कार्यक्रम में मुख्य संरक्षा अधिकारी श्री जितेंद्र अग्रवाल, उप मुख्य यांत्रिक इंजीनियर/पीओएच श्री राजेश कुमार, जनसंपर्क अधिकारी श्री राजेश कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
नुक्कड़ नाटक का निर्देशन श्री सुधाकर मनी द्वारा किया गया। नाटक में श्री आलोक कुमार सिंह, श्री नीरज कुमार सिंह, श्री सुशील कुमार त्रिपाठी, श्री मुकेश कुमार दुबे, श्री अविनाश कुमार सिंह, श्री शरद कुमार श्रीवास्तव, श्री बहादुर प्रसाद एवं श्री अमिताभ प्रथम कुमार ने अपनी प्रभावशाली एवं आकर्षक प्रस्तुति से कार्यक्रम को जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता एवं हरित भविष्य के निर्माण हेतु सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।