रिपोर्ट सलीम मंसूरी की जमानिया। क्षेत्र में गंगा नदी के जलस्तर में हो रही तब्दीली को देखते हुए स्थानीय प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। बाढ़ की संभावित स्थिति और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए उपजिलाधिकारी ने सोमवार को क्षेत्र के चक्काबांध स्थित गंगा तट का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी निधि ने गंगा के जलस्तर की वर्तमान स्थिति को बारीकी से देखा और तटवर्ती इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मौके पर मौजूद राजस्व कर्मियों और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे जलस्तर पर लगातार नजर बनाए रखें और किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए पहले से ही मुस्तैद रहें। तटवर्ती इलाकों का मुआयना करने के साथ ही उपजिलाधिकारी ने स्थानीय ग्रामीणों से भी बातचीत की। उन्होंने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी और आश्वस्त किया कि प्रशासन हर परिस्थिति पर नजर रखे हुए है तथा सुरक्षा के सभी पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखने और नाविकों को विशेष सावधानी बरतने के भी निर्देश जारी किए गए हैं। इस अवसर पर नायब तहसीलदार जितेंद्र कुमार नायब तहसीलदार अविनाश कुमार सहित अन्य राजस्व कर्मी मौजूद रहे।