वाराणसी: विवेक नगर कॉलोनी में लाखों की चोरी, पड़ोसियों ने पकड़े दो संदिग्ध, कार्रवाई को लेकर उठे सवाल

कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्ट 

वाराणसी। थाना चितईपुर क्षेत्र अंतर्गत विवेक नगर, नासीरपुर (सुसुवाही) में चोरी की एक बड़ी घटना सामने आई है। पीड़ित जयप्रकाश मेहता पुत्र स्व. लक्ष्मी नारायण मेहता, जो वर्तमान में जम्मू-कश्मीर के विद्युत विभाग में कार्यरत हैं, अपने कार्य के सिलसिले में जम्मू में थे। इस दौरान वाराणसी स्थित उनका मकान बंद था।

आरोप है कि दिनांक 01 जून 2026 की रात्रि लगभग 12:10 बजे अज्ञात चोरों ने घर के दरवाजों का ताला एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं तोड़कर मकान में प्रवेश किया और घर में रखे लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी तथा अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए।

घटना के दौरान पड़ोसियों को संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी हुई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया और तत्काल इसकी सूचना डायल 112 तथा थाना चितईपुर पुलिस को दी। सूचना मिलने पर डायल 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद थाना चितईपुर से पुलिस बल भी घटनास्थल पर पहुंचा और दोनों संदिग्धों को अपने साथ ले गया।

चोरी की सूचना मिलने पर जयप्रकाश मेहता तत्काल जम्मू से वाराणसी पहुंचे। घर की स्थिति देखकर परिवार के सदस्य स्तब्ध रह गए। पीड़ित परिवार का कहना है कि चोरी में उनके लाखों रुपये मूल्य के जेवरात एवं अन्य सामान का नुकसान हुआ है।

पीड़ित परिवार तथा स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि पड़ोसियों द्वारा पकड़े गए दोनों संदिग्धों के विरुद्ध अपेक्षित कठोर कार्रवाई नहीं की गई। इसको लेकर कॉलोनीवासियों में रोष व्याप्त है तथा क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर चोरी गए सामान की बरामदगी तथा दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है, ताकि क्षेत्र के निवासियों में सुरक्षा की भावना पुनः स्थापित हो सके।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x