वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट
वाराणसी — काशी की धरती पर जन्मे शहर के प्रतिष्ठित अधिवक्ता मनोज कुमार गुप्ता मनु ने गांधीनगर गुजरात में आयोजित चौथे पैफी नेशनल आर्मरेसलिंग और पैरा आर्मरैसलिंग चैंपियनशिप- 2026 मे कांस्य पदक (ब्रांड मेडल)जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर वाराणसी और पूरे उत्तर प्रदेश का नाम रौशन किया है। राष्ट्रीय रक्षा यूनिवर्सिटी गांधीनगर के परिसर में 29 से 02 जून 2026 तक आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में देश भर के दिग्गजों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच मनोज कुमार गुप्ता मनु ने अदम्य साहस और उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन किया और पोडियम पर अपनी जगह पक्का कर ली। हृदयस्पर्शी बात यह है कि मनोज कुमार गुप्ता मनु एक सफल अधिवक्ता होने के साथ-साथ एक विलक्षण एथलीट भी हैं। अपनी शारीरिक चुनौतियों को दर किनार करते हुए उन्होंने व्हीलचेयर पर रहते हुए ना केवल वकालत की बारीकियों को समझा बल्कि खेल के मैदान में भी अपना लोहा बनवाया। उनकी यह उपलब्धि दृढ़ इच्छा शक्ति और कठिन परिश्रम का एक प्रेरणादायक उदाहरण है। इस उपलब्धि पर बोलते हुए अधिवक्ता मनोज कुमार गुप्ता मनु ने कहा कि यह कांस्य पदक सिर्फ एक खेल की जीत नहीं है बल्कि यह साबित करता है कि कोई भी शारीरिक सीमा आपके सपनों के बीच नहीं आ सकती है। मैं अपने परिवार, अपने सहकर्मी अधिवक्ताओं और वाराणसी के लोगों के सहयोग के लिए ऋणी हूं। मेरा अगला लक्ष्य देश के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक लाना है। इस उपलब्धि के बाद वाराणसी के अधिवक्ताओं और स्थानीय खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। मनोज कुमार गुप्ता मनु की यह सफलता ना केवल आर्मरेसलिंग के खेल को बढ़ावा देगी बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मिसाल भी कायम करेगी।