दिव्य प्रकाश गुप्ता की रिपोर्ट शिवपुर (वाराणसी)। पिसौर शिवपुर स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर बीती रात करीब 10:30 बजे घटतौली (कम पेट्रोल देने) को लेकर जमकर हंगामा हुआ। पीड़ित की शिकायत पर 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई।
क्या है पूरा मामला?
छितौनी निवासी बमबम सिंह ने पिसौर स्थित एचपी पेट्रोल पंप पर अपनी बाइक में ₹210 का पेट्रोल भरवाया था। पेट्रोल की मात्रा कम महसूस होने पर उन्होंने मौके पर ही संदेह जताते हुए बाइक की टंकी से पेट्रोल निकालकर नपवाया। माप में केवल डेढ़ लीटर (1.5 लीटर) पेट्रोल ही निकला, जिससे घटतौली की पुष्टि हो गई।
कर्मचारियों पर अभद्रता का आरोप
घटतौली का खुलासा होने पर जब बमबम सिंह ने पंप मालिक और कर्मचारियों से शिकायत की, तो आरोप है कि वे अपनी गलती मानने के बजाय पीड़ित से ही उलझ गए और बहस करने लगे।
112 पर दी सूचना, पुलिस जांच में जुटी
विवाद बढ़ता देख पीड़ित ने तत्काल डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराते हुए मामले को नियंत्रित किया। देर रात तक मौके पर गहमागहमी का माहौल बना रहा। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।