सलीम मंसूरी की रिपोर्ट
जमानियां। लोदीपुर, कस्बा, 27 अगस्त 2026 सत्यम इंटरनेशनल स्कूल में 27 अगस्त 2026 को रक्षा बंधन के पावन पर्व के अवसर पर विद्यालय परिसर में रक्षा बंधन समारोह एवं राखी निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। राखी निर्माण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंग-बिरंगे सजावटी सामानों का प्रयोग कर आकर्षक एवं सुंदर राखियाँ तैयार कीं। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता, कलात्मक कौशल एवं भारतीय संस्कृति के प्रति समझ विकसित करने का अवसर मिला। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को रक्षा बंधन के महत्व के बारे में भी बताया गया। यह पर्व भाई-बहन के बीच प्रेम, स्नेह, विश्वास, सम्मान एवं सुरक्षा के पवित्र बंधन का प्रतीक है। विद्यालय द्वारा इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के उद्देश्य से किए जाते हैं। राखी निर्माण प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को उनकी प्रतिभा एवं मेहनत के लिए प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रबंध निदेशक श्री सत्य प्रकाश मौर्य ने विद्यार्थियों की प्रतिभा एवं उत्साह की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएँ दीं। वहीं प्रधानाचार्य श्री एल. डी. जेना ने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियाँ विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास एवं भारतीय संस्कारों को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम का समापन हर्ष एवं उल्लास के वातावरण में हुआ। रक्षा बंधन समारोह ने विद्यार्थियों के बीच प्रेम, भाईचारे एवं सांस्कृतिक एकता की भावना को और मजबूत किया।