वाराणसी –आजीविका मिशन से जुड़ी महिलाएं अब जनपद में बारात घर की भी जिम्मेदारी संभालेंगी। इस क्रम में 15 दिसंबर 2025 को प्रथम एमओयू विकास खंड सेवापुरी के ग्राम पंचायत अर्जुनपुर एवं ग्राम संगठन भारत महिला ग्राम संगठन के मध्य किया गया। उप मुख्यमंत्री व ग्राम्य विकास मंत्री केशव प्रसाद मौर्य द्वारा अपने वाराणसी भ्रमण के दौरान बारात घर के संचालन की जिम्मेदारी स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को देने हेतु निर्देशित किया गया था। जिसे प्रशासन ने अब अमली जामा पहनाना शुरू कर दिया है। जनपद में 64 से अधिक बारात घर बनाये जा रहे हैं। उनमें से पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर अर्जुनपुर की ग्राम सभा से शुरुआत की गई है। ग्राम संगठन नवनिर्मित बारात घर की देखरेख कर किराए पर इसे आम जनमानस को देगा। बारात घर ग्राम संगठन से संपर्क कर किसी भी मांगलिक कार्य, तिलकोत्सव, शादी विवाह, जन्म दिवस आदि हेतु बुक किया जा सकेगा। बुकिंग हेतु 5100 देना होगा। जिसके अंतर्गत ग्राम संगठन द्वारा कमरे, हाल, पानी, बिजली, शौचालय, साफ सफाई आदि की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। ग्राम संगठन द्वारा मांग पर टेंट, कैटरिंग, जनरेटर सेट आदि की भी सुविधा दी जायेगी। इस कार्य से होने वाली आय में से 35% संबंधित ग्राम पंचायत को मिलेगी। इससे ग्राम पंचायत के राजस्व में बढ़ोतरी के साथ-साथ बारात घर का अच्छे तरीके से देख-रेख भी हो सकेगा। साथ ही समूह की महिलाओं हेतु एक और रोजगार का अवसर प्राप्त होगा। उपायुक्त स्वत: रोजगार पवन कुमार सिंह ने बताया कि उप मुख्यमंत्री एवं जिला प्रशासन की पहल काफी सराहनीय है। इससे महिलाओं को आगे बढ़ने के नए अवसर खुलेंगे एवं ग्राम पंचायत स्तर पर सार्वजनिक संपत्तियों की देखरेख भी ठीक से हो सकेगी। एमओयू पर हस्ताक्षर प्रधान विमला देवी एवं ग्राम संगठन की अध्यक्ष अनीता देवी द्वारा किया गया। इस अवसर पर रीता, राधिका आदि समूह की महिलाएं उपस्थित रहे वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता वाराणसी