प्रयागराज थाना झूंसी पुलिस और नारकोटिक्स टास्क फोर्स की संयुक्त टीम ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह गिरफ्तारी 21 दिसंबर 2025 को नई झूंसी क्षेत्र में गंगा नदी कछार सड़क के पास से की गई, जहां से भारी मात्रा में स्मैक बरामद हुई। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से की गई।
गिरफ्तार अभियुक्तों में शुभम निषाद उर्फ दत्ता (25 वर्ष), कंधई निषाद (24 वर्ष) और अजय केसरवानी (45 वर्ष) शामिल हैं, सभी थाना झूंसी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। तलाशी के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से 42 पुड़िया स्मैक और पारदर्शी पन्नी में रखी स्मैक बरामद की गई, जिसका कुल वजन लगभग 87 ग्राम है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 17 लाख 05 हजार रुपये आंकी गई है। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और 735 रुपये नकद भी बरामद हुए।
बरामदगी के आधार पर थाना झूंसी पर मुकदमा अपराध संख्या 476/2025 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत पंजीकृत किया गया है। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त नशे के अवैध कारोबार में लंबे समय से संलिप्त रहे हैं और इनके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। विशेष रूप से शुभम निषाद, कंधई निषाद और अजय केसरवानी का आपराधिक इतिहास गंभीर धाराओं से जुड़ा हुआ पाया गया है।परी कार्रवाई को उपनिरीक्षक हरिशंकर मिश्रा (चौकी प्रभारी नई झूंसी) और नारकोटिक्स टास्क फोर्स के प्रभारी उपनिरीक्षक सुरेश गिरी के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नशे के कारोबार से जुड़े अपराधियों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा
अरविंद राय की रिपोर्ट वाराणसी
Like kashdeepvision.com