सलीम मंसूरी की रिपोर्ट जमानिया
जमानिया। स्थानीय स्टेशन बाईपास मार्ग स्थित करजहीं रेलवे क्रॉसिंग पर रविवार की शाम एक बड़ा हादसा टल गया। चोकर से लदी एक ट्रक रेलवे के हाइट गेज बैरियर में जाकर फंस गई। इस घटना के कारण नेशनल हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और घंटों जाम की स्थिति बनी रही। गनीमत रही कि इस दौरान रेल यातायात पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। जानकारी के अनुसार, ट्रक मध्य प्रदेश के कटनी से चोकर लादकर भोजपुर (बिहार) जा रहा था। रविवार शाम करीब 6:30 बजे जैसे ही ट्रक करजहीं क्रॉसिंग के पास पहुंचा, चोकर की ऊंचाई अधिक होने के कारण वह दूसरे हाइट गेज बैरियर के बीच फंस गया। चालक मुन्ना गोंड ने बताया कि उसने पहला बैरियर तो पार कर लिया था। लेकिन दूसरे में ट्रक अटक गया। बैरियर में ट्रक फंसते ही गेटमैन ने तत्काल इसकी सूचना आरपीएफ को दी। मौके पर पहुंचे आरपीएफ के उपनिरीक्षक राजीव कुमार, ब्रिज किशोर सिंह और अरुण कुमार सिंह ने मोर्चा संभाला। ट्रक को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। अंततः हाइड्रा मशीन बुलवाकर ट्रक को बैरियर से मुक्त कराया गया, जिसके बाद यातायात सुचारू हो सका। स्थानीय वाहन चालकों और ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की ऊंचाई अधिक होने की वजह से हाइट गेज बैरियर अक्सर ट्रकों की चपेट में आ जाते हैं। इससे पहले बीते 26 नवंबर 2025 को भी एक ट्रक ने बैरियर को उखाड़ दिया था। लोगों ने मांग की है कि इस तकनीकी समस्या का स्थाई समाधान निकाला जाए ताकि आए दिन लगने वाले जाम से निजाद दिलाने के लिए ओवरब्रिज का जल्द से जल्द निर्माण होनी चाहिए।