सुकन्या सिंह की रिपोर्ट वाराणसी
लंका क्षेत्र में लगातार बढ़ रही अवैध पार्किंग और यातायात अव्यवस्था को गंभीरता से लेते हुएपुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल स्वयं सड़क पर उतरकर स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि काशी में प्रतिदिन डेढ़ से दो लाख श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंच रहे हैं। लंका क्षेत्र में स्थित बीएचयू ट्रामा सेंटर के कारण यहां आमजन के साथ-साथ मरीजों और एंबुलेंस की आवाजाही भी अत्यधिक रहती है। ऐसे में यातायात व्यवस्था का सुचारू रहना अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़कों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कई दुकानदार अपने सामान सड़क पर रखकर यातायात बाधित करते हैं, जिससे आम जनता को परेशानी का सामना करना पड़ता है।रविदास गेट के पास स्थित पहलवान लस्सी की दुकान द्वारा कढ़ाई सड़क पर रखे जाने पर पुलिस आयुक्त ने उन्हें अंतिम चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में दोबारा सामान सड़क पर पाया गया तो एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।पुलिस आयुक्त ने आगे बताया कि नगर निगम के साथ समन्वय स्थापित कर वाहन पार्किंग के लिए चिन्हित स्थान तय किए जाएंगे। ऑटो और अन्य वाहनों के लिए येलो लाइन और ऑरेंज लाइन खींची जा रही हैं, ताकि लोग व्यवस्थित ढंग से अपने वाहन खड़े कर सकें और यातायात बाधित न हो।उन्होंने आम नागरिकों, दुकानदारों और वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, अव्यवस्थित पार्किंग से बचें और प्रशासन का सहयोग करें, जिससे काशी की यातायात व्यवस्था सुचारू एवं सुरक्षित बनी रहे।