विंध्याचल धाम को जोड़ने वाले प्रस्तावित पीपा पुल का निर्माण कार्य शुरू
गुफरान अहमद की रिपोर्ट मिर्जापुर में हरसिंहपुर से विंध्याचल धाम को जोड़ने वाले प्रस्तावित पीपा पुल के निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ नगर विधायक पं. रत्नाकर मिश्र ने कोन ब्लॉक स्थित हरसिंहपुर गांव में गंगा तट पर भूमि पूजन कर किया। लगभग 1 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह अस्थायी पीपा पुल नवरात्रि मेला से पूर्व श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा। निर्माण कार्य को पूरा करने में करीब 20 दिन का समय लगेगा।
गंगा तट पर नगर विधायक ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन-अर्चन कर कार्य का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विंध्याचल धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस पुल की मांग उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की थी। मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृति प्रदान किए जाने के बाद प्रशासन ने तत्काल कार्य प्रारंभ करा दिया है।
विधायक ने बताया कि नवरात्रि के दौरान विंध्याचल धाम में लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं, जिससे शास्त्री सेतु पर वाहनों का अत्यधिक दबाव बन जाता है और जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। पीपा पुल चालू हो जाने से शास्त्री सेतु पर यातायात का दबाव कम होगा तथा श्रद्धालु बिना जाम में फंसे सीधे मां के धाम पहुंच सकेंगे। इससे स्थानीय लोगों को भी आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
निर्माण कार्य के लिए आवश्यक सामग्री प्रयागराज से मंगाई जा रही है। संबंधित विभागों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि नवरात्रि मेले से पहले पुल पर आवागमन सुचारु रूप से प्रारंभ हो सके।