गुफरान अहमद की रिपोर्ट मिर्जापुर में नशीले सिरप के बड़े मामले में थाना चुनार पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता हाथ लग है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट से संबंधित प्रकरण में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पकड़े गए तीनों आरोपी वाराणसी जनपद के निवासी हैं और लंबे समय से पुलिस इनकी तलाश में जुटी थी। एक रिपोर्ट पुलिस के अनुसार 26 अगस्त 2026 को थाना चुनार पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नशीली सिरप ONEREX की कुल 8374 शीशियों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया था। इस संबंध में थाना चुनार पर मुकदमा दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला पंजीकृत किया गया और विवेचना प्रारंभ की गई। जांच के दौरान अन्य आरोपियों के नाम प्रकाश में आए, जो घटना के बाद से फरार चल रहे थे।
इसी क्रम में सोमवार को प्रभारी निरीक्षक विजय शंकर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना के आधार पर दबिश देकर तीनों वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों में—
प्रथम जायसवाल उर्फ किशन जायसवाल, पुत्र संतोष कुमार जायसवाल, निवासी भूलेटन, थाना चौक, जनपद वाराणसी;
उज्जवल केशरी, पुत्र विजय कुमार केशरी, निवासी भूलेटन, थाना चौक, जनपद वाराणसी;
तथा अमरजीत कुमार, पुत्र राजेंद्र राम, निवासी बेनिया बाग, थाना चौक, जनपद वाराणसी शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी अवैध रूप से नशीली सिरप की तस्करी और सप्लाई नेटवर्क से जुड़े हुए थे। गिरफ्तारी के बाद तीनों को आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
जनपद में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई अहम मानी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।