CLAT AIR-1 गीताली गुप्ता ने BHU छात्रों से किया संवाद, सफलता का बताया मंत्र,बोली- घर पर ही रहकर यूट्यूब क्लास की वीडियो देखकर की तैयारी

कार्यालय प्रतिनिधि की रिपोर्ट                         वाराणसी कॉमन लॉ एडमिशन टेस्ट (CLAT) 2026 में ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल करने वाली गीताली गुप्ता ने रविवार को वाराणसी में छात्रों के साथ संवाद किया। कार्यक्रम का आयोजन CLAT कोचिंग संस्था टॉप रैंकर्स द्वारा किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में छात्रों ने भाग लिया। कार्यक्रम में काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के छात्र भी शामिल हुए और गीताली से सफलता के अनुभव साझा किए।

संवाद के दौरान गीताली गुप्ता ने अपनी सफलता की यात्रा के बारे में बताते हुए कहा कि यह सफर आसान नहीं था, लेकिन सही मार्गदर्शन और निरंतर प्रयासों की वजह से यह उतना कठिन भी नहीं रहा जितना बिना उचित गाइडेंस के हो सकता था। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए मेहनत के साथ सही दिशा का होना भी बेहद जरूरी है।

गीताली ने बताया कि उन्होंने कक्षा 12 की पढ़ाई के साथ CLAT की तैयारी की। वह सुबह स्कूल जाती थीं और स्कूल का कार्य वहीं पूरा करने का प्रयास करती थीं। शाम को ऑनलाइन क्लासेज में शामिल होकर पढ़ाई करती थीं, रिकॉर्डेड लेक्चर देखती थीं और अपने बैकलॉग को नियमित रूप से पूरा करती थीं। उन्होंने कहा कि समय प्रबंधन और अनुशासन उनकी तैयारी के प्रमुख आधार रहे।

अपनी उपलब्धि का श्रेय देते हुए गीताली ने अपने माता-पिता, शिक्षकों और कोचिंग संस्थान के मेंटर्स का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि परिवार और शिक्षकों के सहयोग के बिना यह उपलब्धि हासिल करना संभव नहीं था।

छात्रों को संदेश देते हुए गीताली ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में हार नहीं माननी चाहिए। उन्होंने कहा, “निरंतर प्रयास करते रहना और खुद पर विश्वास बनाए रखना सबसे जरूरी है। किसी को नहीं पता कि कब मेहनत रंग ले आए। हो सकता है कि आज आपका प्रदर्शन अच्छा न हो, लेकिन अंतिम दिन आप बेहतरीन परिणाम हासिल कर सकते हैं।”

कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने CLAT परीक्षा की तैयारी, समय प्रबंधन, अध्ययन रणनीति और परीक्षा के दबाव से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका गीताली ने विस्तार से जवाब दिया। उनके अनुभव और सुझावों से छात्रों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए महत्वपूर्ण मार्गदर्शन मिला।

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x