वरिष्ठ पत्रकार राजेंद्र गुप्ता की रिपोर्ट
वाराणसी –-अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सायाजी राव गायकवाड़ ग्रंथालय केंद्रीय पुस्तकालय में छ: दिवसीय योग बिषयक विशेष पुस्तक प्रदर्शनी आयोजन किया गया है।शनिवार को आयोजित इस पुस्तक प्रदर्शनी का कुलपति प्रोफेसर अजीत कुमार चतुर्वेदी ने उद्घाटन किया। यह पुस्तक प्रदर्शनी 20 जून से 25 जून तक साइबर लाइब्रेरी अध्ययन केंद्र, केंद्रीय पुस्तकालय के सेमिनार हाल में आयोजित किया गया है।यह प्रदर्शनी प्रतिदिन प्रात:08 बजे से सायं 05 बजे तक आयोजित की जाएगी। उद्घाटन के पश्चात कुलपति ने पुस्तक प्रदर्शनी का भ्रमण किया तथा उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार की प्रदर्शनी विद्यार्थियों एवं शोधार्थियों को योग के महत्व, उसके दर्शन तथा जीवन में उसके सकारात्मक प्रभाव के बारे में जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है तथा इसके व्यापक प्रचार प्रसार की आवश्यकता है। इस मौके पर केन्द्रीय पुस्तकालय के पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ देवेंद्र कुमार सिंह ने प्रदर्शनी में प्रदर्शित योग बिषयक पुस्तकों, शोध ग्रंथों, पत्रिकाओं तथा दुर्लभ पाण्डुलिपियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विश्वविद्यालय में उपलब्ध मुद्रित एवं इलेक्ट्रॉनिक संसाधनों के साथ-साथ योग साधना तथा भारत सरकार के विभिन्न योग केन्द्रों से संबंधित उपयोगी स्रोतों की भी जानकारी दी। इस प्रदर्शनी में योग,योग एवं आध्यात्म, योग एवं स्वास्थ्य, योग दर्शन, योग एवं रोग निवारण, योग के विभिन्न आयाम, तथा योग के क्षेत्र में स्वामियों एवं संतों के योगदान जैसे विषयों से संबंधित पुस्तकों, शोध ग्रंथों, पत्रिकाओं एवं दुर्लभ पाण्डुलिपियों का प्रदर्शन किया गया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित यह प्रदर्शनी सायाजी राव गायकवाड़ ग्रंथालय के समृद्ध एवं बहुमूल्य संग्रह को भी प्रदर्शित करती है। यह प्रदर्शनी विद्यालय के विद्यार्थियों, शोधार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ बाहरी आगन्तुकों के लिए भी खुली रहेगी। इस अवसर पर ग्रंथालय के अधिकारी कर्मचारी तथा अन्य प्रशिक्षु उपस्थित रहे।